उदयपुर। जिले के गोगुंदा थानांतर्गत करणजी का गुडा क्षेत्र में अज्ञात डम्पर की टक्कर से राहगीर युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भभूती लाल गमेती पुत्र नन्दा निवासी पीपड गोगुंदा ने अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि अज्ञात डम्पर चालक द्वारा तेज गति व गफलत लापरवाही पूर्वक चलाकर उसके भाई बाबूलाल गमेती को टक्कर मार दी जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सेक्टर—14 में कार की टक्कर से चचेरे भाई घायल
उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास सेक्टर—14 में कार की टक्कर से चचेरे भाई घायल हो गए। कार चालक के खिलाफ गोवर्धनविलास थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार शम्भूलाल पुत्र खातरा मीणा निवासी बिलख फला सोमावत ऋषभदेव ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि कार चालक द्वारा कार को तेज गति व लापरवाहीपूर्वक चलाकर सेक्टर—14 में जैन स्टोर के पास उसके पुत्र सोहनलाल मीणा व भतीजा कुलदीप मीणा पुत्र रमेश मीणा निवासी बिलख सुमावत को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों चचेरे भाई घायल हो गए। घायलों को चिकित्सालय में उपचार मुहैया कराया गया है।
सूने मकान से हजारों रुपए नगद व कान के झूमके चोरी
उदयपुर। शहर के हिरण मगरी सेक्टर—9 सविना क्षेत्र में सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोर द्वारा हजारों रुपए नगद और सोने के कान के झूमके चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार प्रहलाद सिंह राठौड पुत्र स्वर्गीय गोपालसिंह राठौड निवासी ई—ब्लॉक सेक्टर—9 सविना ने दी रिपोर्ट में बताया कि 27 अगस्त को रात करीब दो बजे अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर 40 हजार रुपए नगद व सोने के एक तोला वजनी कान के झुमके चुरा ले गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोर और चुराए गए नगदी जेवरात पता लगाने में जुटी है।
विशाल मेगा मार्ट में दम्पत्ति से अज्ञात बदमाशों ने की मारपीट
उदयपुर। शहर में सूरजपोल स्थित विशाल मेगा मार्ट के यहां एक दम्पत्ति के साथ अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार ज्योति वागरी पत्नी अजय वागरी निवासी रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई जिसमें बताया कि अज्ञात लडके विशाल मेगा मार्ट के यहां आए और आते ही बिना कारण उसके पति अजय के साथ मारपीट की, जिस पर वह बीच बचाव करने गई तो उसके साथ भी मारपीट व धक्का मुक्की की। इस दौरान उसके पास जो पैसे थे वह वहां गिर गए। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती में आपस में भिडे दो पक्ष
उदयपुर। शहर में सिटी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती में दो पक्ष आपस में भिड गए। इस संबंध में सूरजपोल थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पवन उर्फ अजय पुत्र सुरेश वागरी गुजराती निवासी रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती ने मुकेश पुत्र दीपक उर्फ दीपू वागरी, रोशन, पवन, बाबू वागरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि वह अपने घर पर था। तभी घर के बाहर उसका रिश्ते में साला मुकेश पुत्र दीपक उर्फ दीपू वागरी गाली गलोच करने लगा। वह उसे कुछ नहीं बोला तो मुकेश तलवार लेकर आया और मुकेश का भाई रोशन लोहे का पाईप लेकर आया जबकि पवन पुत्र दिनेश वागरी चाकू लेकर आया और पवन का भाई बाबू वागरी भी आया और सभी उसकी सास शारदा के साथ झगडा करने लगे। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सिगरेट के पैसे मांगने पर दुकानदार महिला से मारपीट
उदयपुर। शहर में रेलवे स्टेशन के सामने दुकान पर सिगरेट के पैसे मांगने पर आरोपी द्वारा दुकानदार से मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार शाहिन बानों पत्नी सलमान खान निवासी रेलवे स्टेशन के सामने बस्ती ने आकाश वागरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि वह अपने बच्चे के साथ दुकान के बाहर बैठी थी तभी आकाश वागरी उसकी दुकान पर आया और उससे सिगरेट मांगी। पैसे मांगने पर नहीं दिए और उसके साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट करने लगा। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रोडवेज बस में बैठते महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी
उदयपुर। शहर के उदियापोल स्थित रोडवेज बस स्टेण्ड पर बस में चढी महिला के गले से अज्ञात बदमाश द्वारा मंगल सूत्र चुरा लेेने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अ नुसार किशन सालवी पुत्र शंभूलाल सालवी निवासी अरणीया पल शम्भूपुरा चित्तौडगढ हाल माली कॉलेनी राडाजी बावजी के सामने ने दी रिपोर्ट में बताया कि 27 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे उदियापोल स्थित रोडवेज बस स्टेण्ड पर चित्तौडगढ जाने वाली बस आई जो करीब दस मिनट रुकी। उसमें उसकी पत्नी और पुत्र चढकर अपनी सीट पर जाकर बैठे तभी देखा कि अज्ञात बदमाश उसकी पत्नी के गले से सोने का मंगल सूत्र पार कर ले गया। इधर उधर देखा लेकिन कहीं नहीं मिला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
अम्बेरी से मोटरसाइकिल चोरी
उदयपुर। शहर से सटे अम्बेरी क्षेत्र से अज्ञात बदमाश द्वारा मोटरसाइकिल चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार खेमराज पटेल पुत्र लिम्बा पटेल निवासी पिपलाज माता कॉलोनी अम्बेरी ने दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात बदमाश अम्बेरी क्षेत्र से गत 21 अगस्त को रात करीब 11 बजे उसकी मोटरसाइकिल चुरा ले गया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोर और चुराई गई मोटरसाइकिल की तलाश में जुटी है।
सोने की अंगूठी लेकर नहीं दिए हर माह 2000 रुपए
उदयपुर। शहर से सटे बडगांव में आरोपियों द्वारा सोने की अंगूठी लेकर हर माह दो हजार रुपए नहीं देने और अंगूठी वापस नहीं लौटाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार संजय राव पुत्र गणेशलाल राव निवासी हनुमानजी मंदिर गली के पास बडगांव ने घनश्याम राव उर्फ गणपत पुत्र हीरालाल निवासी चारभुजा मंदिर के पास ओर दीपक राव पुत्र घनश्याम राव उर्फ गणपत निवासी चारभुजा मंदिर के पास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा उसकी 6 ग्राम 80कंच वजनी सोने की अंगूठी ले लेने और बदले में हर माह 2000 रुपए नहीं देने व दोनों पक्षों की आपसी रजामंदी के अनुसार 30 अप्रेल को अंगूठी वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रिसोर्ट से तीन एयर कंडीशनर चोरी
उदयपुर। शहर के समीप बडी रोड पर स्थित एक रिसोर्ट से तीन एयर कंडीशनर चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दिलीप आंचलिया पुत्र सुंदरलाल आंचलिया जैन निवासी देवाली ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि बडी रोड पर स्थित रस्म रिसोर्ट से गत 25 अगस्त से 27 अगस्त के दौरान अज्ञात चोरों द्वारा तीन एयर कंडीशनर चुरा लिए गए। पुलिस मामले में जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।
पानी पीने गई महिला की कुएं में डूबने से मौत
उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में मजावद गांव में बीड में घास लेने गई महिला कुएं में गिरने से डूब गई। डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गेरीलाल पुत्र खुमाणलाल गर्ग निवासी मजावद गोगुंदा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी सोनिया 37 घास लेने के लिए 27 अगस्त को बीडे में गई थी, जहां घास काटते समय प्यास लगने पर वह पानी पीने के लिए मेघवालों के कुए पर गई जहां कुएं से पानी निकालते समय उसका पैर फिसलने से कुंए में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुए से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
