61 वृक्षों से गुरु माँ को जन्मोत्सव की अनूठी भेंट, रक्षाबंधन पूर्णिमा पर 108 सर्वाैषधि कलशों से होगा महाभिषेक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। गुरु माँ 105 श्री सुप्रकाश मति माताजी के 61वें जन्मोत्सव के पूर्व ध्यानोदय तीर्थ, बलीचा में रक्षाबंधन पूर्णिमा पर धर्म और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा आयोजन होगा। इस अवसर पर 61 वृक्षों का रोपण कर उन्हें गुरु माँ के जन्मोत्सव की मंगल भेंट के रूप में समर्पित किया जाएगा। साथ ही 108 सर्वाैषधि कलशों से भव्य महाभिषेक भी होगा।
ओमप्रकाश गोदावत ने बताया कि  61 वृक्षों का रोपण गुरु-भक्ति के साथ प्रकृति संरक्षण और जीव-दया का संदेश देगा। गुरु माँ के 61वें जन्मोत्सव से पूर्व 61 वृक्षों को समर्पित करने की यह पहल जैन समाज में अपने प्रकार का विशेष आयोजन है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं रक्षाबंधन पूर्णिमा पर 108 सर्वाैषधि कलशों से महाभिषेक का आयोजन धार्मिक विधि-विधान के साथ होगा। जैन परंपरा में रक्षाबंधन पर्व भगवान विष्णुकुमार मुनिराज द्वारा 108 मुनिराजों की उपसर्ग से रक्षा किए जाने की पावन घटना से जुड़ा माना जाता है। इसी स्मृति में होने वाला यह महाभिषेक श्रद्धालुओं के लिए विशेष पुण्यार्जन का अवसर रहेगा।
आयोजकों ने बताया कि महाभिषेक में श्रद्धालु मंगल भावना, जीव कल्याण और विश्व शांति की कामना के साथ सहभागी बनेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ध्यानोदय तीर्थ, बलीचा में होने वाला यह आयोजन गुरु-भक्ति, धर्म, जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण को एक सूत्र में पिरोने वाला विशेष अवसर होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!