उदयपुर। जैन महिला मंच की ओर से 19 अगस्त को रामाबाग में “रंग भरे बादल से सावन प्लस बॉलीवुड धमाका” कार्यक्रम का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। सावन की उमंग, भारतीय संस्कृति और बॉलीवुड के मनोरंजन का अनूठा संगम रहे इस आयोजन में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जमकर मस्ती की और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंच अध्यक्ष वंदना बाबेल ने सभी महिलाओं का स्वागत कर की। भारतीय संस्कृति की पहचान साड़ी को आयोजन का खास आकर्षण बनाया गया। इस बार पारंपरिक लहरिया के बजाय “प्लेन साड़ी विद डिफरेंट स्टाइल एवं चांदनी लुक” की थीम रखी गई, जिसके अनुरूप सजी-धजी महिलाओं ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।
मंच मंत्री ज्योति जैन ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संयोजक लीना को सौंपी। लीना के कुशल संयोजन में कार्यक्रम में रैम्प वॉक, ग्रुप गेम्स, ग्रुप डांस, रील्स सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। सावन थीम पर आधारित हाउजी ने भी महिलाओं को खूब रोमांचित किया।
बॉलीवुड गीतों पर थिरके कदम, विजेताओं को मिले उपहार
बॉलीवुड थीम के तहत प्रसिद्ध अभिनेत्रियों के गीतों पर ग्रुप गेम्स और ग्रुप डांस करवाए गए। महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। लीना एवं मनीषा ने ग्रुप डांस में शामिल महिलाओं को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया। सावन थीम से जुड़े आकर्षक उपहारों ने आयोजन की खुशियां और बढ़ा दीं।
पूरे कार्यक्रम में महिलाओं ने रील्स बनाईं, नृत्य किया और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन से भरपूर माहौल के बीच स्वादिष्ट स्टार्टर एवं भोजन की व्यवस्था ने आयोजन को और खास बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजक लीना ने अध्यक्ष वंदना बाबेल, मंत्री ज्योति जैन, समस्त कार्यकारिणी सदस्यों एवं कार्यक्रम में शामिल सभी सहेलियों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष वंदना बाबेल, मंत्री ज्योति जैन एवं लीना ने कहा कि मंच की ओर से भविष्य में भी नए विचारों और रचनात्मक थीम के साथ महिलाओं के लिए ऐसे यादगार एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
सावन की मस्ती पर चढ़ा बॉलीवुड का रंग, जेएमएम जैन महिला मंच ने सजाई मनोरंजन की महफिल
