सावन उत्सव में सजी संस्कृति की रंगीन छटा, उर्मिला जैन बनीं सावन क्वीन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा का रंगारंग आयोजन
उदयपुर, 20 अगस्त। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा की ओर से उदयपुर के सुरम्य हिलटॉप पैलेस में सावन उत्सव का रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में परंपरा, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य एवं आपसी सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।
क्लब अध्यक्ष कुकू लेखारी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का तिलक, पुष्प एवं बांधणी उपरना पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। कार्यक्रम की चेयरपर्सन रोटेरियन उर्मिला जैन ने कार्यक्रम एवं फेलोशिप की शानदार व्यवस्था की, जबकि रोटेरियन संजू खुराना ने आयोजन स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में पूर्व महापौर रजनी डांगी, नेहा पालीवाल एवं क्वालिफाइड डायटीशियन रिद्धिमा खमेसरा विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में मौजूद रहीं। रजनी डांगी ने क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। नेहा पालीवाल ने अच्छे उद्देश्य के लिए कार्य करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली गतिविधियों में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न के रूप में अगरबत्तियां भी भेंट कीं। डायटीशियन रिद्धिमा खमेसरा ने स्वस्थ एवं संतुलित आहार के महत्व पर जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले उपयोगी डाइट टिप्स साझा किए।
सावन उत्सव का प्रमुख आकर्षण सावन क्वीन प्रतियोगिता रही। महिलाओं ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में शानदार वॉक प्रस्तुत कर सावन की संस्कृति एवं परंपरा की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में रोटेरियन उर्मिला जैन ने सावन क्वीन का खिताब जीता। द्वितीय पुरस्कार रतन पामेचा एवं मंजुला गेलड़ा के बीच साझा किया गया, जबकि तृतीय पुरस्कार रोटेरियन शिल्पी गुप्ता ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति सोगानी ने किया। सावन उत्सव विशेष हाउजी का आयोजन मीरा मजूमदार ने तथा सावन स्पेशल गेम का आयोजन मंजू सिंघवी ने किया। कार्यक्रम के दौरान इनवोकेशन चार्टर वरिष्ठ सदस्य  डॉ. पुष्पा कोठारी,  विमला धाकर, रोटेरियन वीणा सनाढ्य, रोटेरियन स्नेहलता सबला, रोटेरियन देविका सिंघवी एवं रोटेरियन रतन पामेचा ने किया।
कार्यक्रम में नीलम दुबे, स्वीटी छाबड़ा, वंदना मूथा, कविता बालदावा, मधु राणावत, माहेश्वरी भटनागर, सुषमा, रीनू जैन, अलका कोठारी, कोमल, प्रियंका कोठारी, मान्या बग्गा एवं नैशा सहित क्लब सदस्यों ने अपनी सहभागिता से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। क्लब सेक्रेटरी एडवोकेट स्नेहा के. शर्मा ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुए सावन उत्सव ने मित्रता, फेलोशिप, संस्कृति एवं सेवा भावना को और मजबूत किया। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से रोटरी की सेवा भावना को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!