निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की हो अक्षरक्षः पालना – जिला निर्वाचन अधिकारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

नगर निकाय चुनाव – 2026
सभी प्रकोष्ठों को दिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश
उदयपुर, 20 अगस्त। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रकोष्ठ के प्रभारी, सहप्रभारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के नगर निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपादित करने के लिए अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर्स, विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सह प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अग्रवाल ने निकायवार एवं प्रकोष्ठवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक प्रकोष्ठ की कार्ययोजना, अब तक की प्रगति तथा आगामी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी निर्वाचन कार्य पूर्ण गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ संपादित किए जाएं। बैठक में मतदान केंद्रों की उपलब्धता एवं आवश्यक सुविधाओं, मतदान दलों की व्यवस्थाओं, ईवीएम एवं वीवीपेट से संबंधित कार्यों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं तथा मतगणना केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही निर्वाचन सामग्री, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, परिवहन एवं रूट चार्ट, कानून एवं व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही ईवीएम-वीवीपेट के रख-रखाव एवं संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप रहें। स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध भी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्मिक प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, ईवीएम-वीवीपेट प्रकोष्ठ, मतदान केंद्र प्रकोष्ठ, सामग्री प्रकोष्ठ, परिवहन प्रकोष्ठ, कानून एवं व्यवस्था, मतदाता सूची एवं निर्वाचन शाखा, स्वीप/मतदाता जागरूकता प्रकोष्ठ, मीडिया सेल एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ, आईटी एवं तकनीकी प्रकोष्ठ, मतगणना प्रकोष्ठ, स्ट्रांग रूम प्रकोष्ठ तथा शिकायत एवं नियंत्रण कक्ष सहित अन्य संबंधित प्रकोष्ठों की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सह प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने दायित्वों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार रखते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त होने वाले निर्देशों एवं सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रत्येक प्रकोष्ठ की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी नहीं रहने दें।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपेंद्र सिंह, एडीएम श्री जितेंद्र ओझा सहित रिटर्निंग ऑफिसर्स, प्रकोष्ठ प्रभारी, सह प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!