तिरंगे की शान में रंगा उदयपुर, उत्साह के साथ मनाया 80वां स्वाधीनता दिवस

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पहली बार राष्ट्रगीत की स्वर लहरियों के साथ हुआ समारोह का आगाज
टीएडी मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने किया ध्वजारोहण
मार्च पास्ट की सलामी ली
सामूहिक व्यायाम प्रदर्षन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जमाया रंग

उदयपुर, 15 अगस्त। जिले भर में 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। उदयपुर जिला मुख्यालय पर गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। पहली बार समारोह का आगाज राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् गायन के साथ हुआ। वहीं ध्वजारोहण पश्चात जोश और उत्साह से राष्ट्रगान जन-गन-मन का भी सामूहिक गायन किया गया। मंत्री श्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट व गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मुख्य समारोह में 69 लोगों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ अमृता दुहन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, जिला परिषद सीईओ विरमाराम, स्मार्ट सिटी सीईओ सोनिका कुमारी, प्रशिक्षु आइएएस मणिमाला एन, समाजसेवी गजपालसिंह, पुष्कर तेली, सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद रहे।

सधे कदमों से दिया अनुशासन का संदेश : समारोह का मुख्य आकर्षण एनसीसी मुख्यालय उदयपुर के लाइनिंग अधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी प्रेमशंकर श्रीमाली के निर्देशन तथा परेड कमाण्डर पुनाराम गुर्जर के नेतृत्व में की गई परेड रही। राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाईयों आदि की टुकड़ियों ने बैण्ड की धून पर कदम से कदम मिलाते हुए मार्च पास्ट किया। एक साथ अनुशासित ढंग से उठते कदमों से ग्राउण्ड में मौजूद दर्शकों में उत्साह और देश भक्ति का संचार किया। परेड के दौरान पूरा ग्राउण्ड परिसर करतल ध्वनि और भारत माता के जयकारों से गूंजता रहा। पुलिस बैण्ड ने मास्टर कन्हैयालाल तथा दिगम्बर जैन विद्यालय की बैण्ड टीम ने भी मार्च पास्ट किया।

शहीदों व स्वतंत्रता सैनानियों के परिजनों का अभिवादन : समारोह के दौरान मंत्री श्री खराड़ी सहित सभी अधिकारियों ने उदयपुर के शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी , शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा तथा स्वतंत्रता सेनानी श्री कन्हैयालाल के परिजनों का शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर अभिवादन किया।

व्यायाम प्रदर्षन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां : समारोह में बच्चों ने सामूहिक व्यायाम एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देते हुए भारत की विविधता में एकता का दिग्दर्शन कराया। कार्यक्रम में केंद्रीय कारागृह के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा गु्रप ने देषभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उद्घोषक राजेन्द्र सेन, डॉ. सीमा चम्पावत, रागिनी पानेरी तथा रणवीरसिंह राणावत ने किया।

“स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखें” – श्री खराड़ी : समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वाधीनता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। आजादी की इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। श्री खराड़ी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दें। मंत्री श्री खराड़ी ने सभी प्रदेशवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जिले भर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
संभागीय आयुक्त कार्यालय, कलक्ट्रेट, न्यायालय सहित सभी कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण
उदयपुर, 15 अगस्त। 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जिले भर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सभी राजकीय, निजी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया।
संभागीय आयुक्त कार्यालय में संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। इस दौरान कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिला कलक्टरगौरव अग्रवाल ने राजकीय आवास तथा कलक्ट्रेट कार्यालय में ध्वजारोहण किया।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ राहुल जैन ने ध्वजारोहण किया। वहीं सूचना केंद्र में उपनिदेशक जनसंपर्क गौरीकान्त शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी विपुल शर्मा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विनय सोमपुरा, जयेश पण्ड्या सहित कार्यालयकर्मी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!