स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

देशभक्ति के रंगों में रंगा टाउन हॉल, नन्हे मुन्नों की जोशीली प्रस्तुतियों ने जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा
उदयपुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को टाउन हॉल स्थित नगर निगम सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगदीश चैक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देश की आजादी, राष्ट्रप्रेम, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को केंद्र में रखते हुए गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की जोशीली एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रस्तुतियों के माध्यम से नई पीढ़ी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का संदेश भी दिया।

शहीदों के बलिदान को किया नमन
कार्यक्रम में उदयपुर के अमर शहीद मेजर मुस्तफा के परिजनों की गरिमामय उपस्थिति रही। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव विशेष रूप से दिखाई दिया। इस अवसर पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहर के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और देश की एकता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के दौरान सभागार में मौजूद विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दीपक गौड़, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक दुर्गेश मेनारिया सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!