15 अगस्त की पूर्व संध्या पर “एक शाम लोकतंत्र के नाम” कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदार मतदान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्वीप प्रकोष्ठ, उदयपुर के तत्वावधान में “एक शाम लोकतंत्र के नाम” कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार शाम को  राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय के कन्या छात्रावास परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र की विशेषताओं, संविधान द्वारा प्रदत्त मताधिकार तथा मतदान के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला स्वीप प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक देवीलाल गर्ग ने छात्राओं को संबोधित करते हुए मताधिकार के महत्व, मतदान प्रक्रिया तथा मतदाता पहचान पत्र बनवाने से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री गर्ग ने कहा कि “1947 में हमें स्वतंत्रता मिली थी, लेकिन लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति तब प्रकट होती है जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण और जिम्मेदारी से प्रयोग करता है। स्वतंत्रता हमें अधिकार देती है और लोकतंत्र हमें उस अधिकार के प्रयोग की जिम्मेदारी देता है।” उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर आयोजित “एक शाम लोकतंत्र के नाम” कार्यक्रम का संदेश “आजादी का उत्सव, संविधान का सम्मान, मतदाता का संकल्प” के रूप में अत्यंत सार्थक है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में लोकतांत्रिक चेतना एवं मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री गर्ग ने नवभारत 210 छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई, जिसमें छात्राओं ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का स्वतंत्र, निष्पक्ष, विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सम्पूर्ण समन्वय महाविद्यालय के प्रो. कुलदीप फड़िया, नोडल अधिकारी (ईएलसी) द्वारा किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!