उदयपुर, 11 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजस्थान होमगार्ड कमांडेंट प्रणय जसोरिया के निर्देशानुसार होमगार्ड जवानों द्वारा तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। कंपनी कमांडर मंगलाराम एवं आरक्षी सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में निकाली गई रैली में होमगार्ड के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा वाहन रैली राजस्थान होमगार्ड कार्यालय से रवाना हुई और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस कार्यालय पहुंची। इस दौरान होमगार्ड के जवान बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश देते नजर आए। रैली के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जवानों ने लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रैली में माया कंवर, एचपीजी लक्ष्मी लाल, एमपीसी मनीष आमेटा, एचएचसी कैलाश, एचएचसी भावना, लक्ष्मी, यशोदा सहित कंपनी के समस्त जवान मौजूद रहे।
होमगार्ड जवानों ने निकाली तिरंगा वाहन रैली, राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
