पर्यावरण संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का संदेश

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

सिंगावतों का वाड़ा विद्यालय परिसर में 300 से अधिक पौधों का रोपण
उदयपुर, 11 अगस्त। भूमंडलीय पर्यावरण संरक्षण एवं मानव विकास संस्थान, उदयपुर की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिंगावतों का वाड़ा, देबारी में हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से 300 से अधिक फलदार, छायादार एवं औषधीय गुणों से युक्त पौधों का रोपण किया गया।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह रावल ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण मानव जीवन की पहली आवश्यकता है। पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 300 से अधिक पौधे लगाए गए। फलदार, छायादार और औषधीय पौधों के रोपण से विद्यालय परिसर को भविष्य में एक हरे-भरे एवं उपयोगी परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था प्रधान केशीदेवी गमेती ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर जोशी, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ललित दक, संस्थान के धर्मवीर सिंह, किशन सिंह देवड़ा, पृथ्वी सिंह, शिक्षिका अंजू देवी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तरीय प्रसारण 12 अगस्त को
उदयपुर, 11 अगस्त। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में बुधवार, 12 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तरीय प्रसारण पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, नगर निगम में अपराह्न 3 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल ने कार्यक्रम के सुचारू आयोजन के लिए उप निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल अधिकारी तथा उप निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!