रेलवे पुलिया की ऊंचाई व चौड़ाई बढ़ाने की मांग को रेल मंत्री तक पहुंचाने पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का बालाजी विहार कॉलोनीवासियों ने जताया आभार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। बालाजी विहार कॉलोनी, एकलिंगपुरा के वर्षों पुरानी रेलवे पुलिया की समस्या को रेल मंत्री तक पहुंचाने के लिए कॉलोनीवासियों ने सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का आभार व्यक्त किया। कॉलोनीवासियों ने सांसद से मुलाकात कर उन्हें उपरणा, शॉल एवं गुलदस्ता भेंट कर आभार पत्र सौंपा और क्षेत्र की समस्या के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
आभार पत्र में उल्लेख किया गया कि सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर रेलवे पुल संख्या 204 (116/9) की ऊंचाई एवं चौड़ाई बढ़ाने के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की। साथ ही, कॉलोनी में सीवरेज नाला एवं सड़क निर्माण के लिए UDA को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेजा गया।
कॉलोनीवासियों ने कहा कि अब उनकी प्रमुख अपेक्षा है कि माननीय सांसद महोदय रेल मंत्री द्वारा पुलिया की ऊंचाई एवं चौड़ाई बढ़ाने के कार्य के अनुमोदन की पुष्टि करवाकर रेलवे विभाग से इसका लिखित एवं स्पष्ट आदेश जारी करवाना सुनिश्चित करें, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
मुलाकात के दौरान सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त किया कि उदयपुर से उमरड़ा तक प्रस्तावित रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के दौरान रेलवे पुलिया की ऊंचाई एवं चौड़ाई बढ़ाने का कार्य निश्चित रूप से करवाया जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने सांसद महोदय से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं UDA अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय कर कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का भी आग्रह किया।
कॉलोनीवासियों ने विश्वास जताया कि उदयपुर रेलवे स्टेशन से उमरड़ा तक प्रस्तावित रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के दौरान पुलिया की ऊंचाई एवं चौड़ाई बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा होगा, जिससे बालाजी विहार कॉलोनी के क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!