आत्ममंथन और अंतरात्मा की आवाज सुनना ही जीवन का सच्चा उद्देश्यःसाध्वी डॉ. विद्युत् प्रभा श्रीजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। दादावाड़ी में आयोजित आध्यात्मिक चातुर्मास प्रवचन श्रृंखला के अंतर्गत परम पूज्य विदुषी साध्वी डॉ. विद्युत् प्रभा श्रीजी म.सा. ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि परमात्मा के शासन और उनकी वाणी को समझना ही आत्मकल्याण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से यह प्रश्न करना चाहिए कि मैं कौन हूँ, कहाँ से आया हूँ और मुझे कहाँ जाना है। यही आत्मनिरीक्षण जीवन को सार्थक बनाता है।
साध्वीश्री ने आत्मा के तीन स्वरूपकृबाह्यात्मा, अंतरात्मा और परमात्माकृका विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि मनुष्य बाहरी पदार्थों और भौतिक सुखों में आनंद खोजता रहता है, जबकि वास्तविक और अनंत सुख तो उसकी अंतरात्मा में ही विद्यमान है। उस आत्मिक आनंद की प्राप्ति ही जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए।
उन्होंने देवचन्द्रजी महाराज एवं आनंदघनजी महाराज द्वारा रचित स्तवनों के माध्यम से आध्यात्मिक संदेशों को सरल उदाहरणों सहित समझाया। साथ ही श्रावक-श्राविकाओं के कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए सैकड़ों मंदिरों के निर्माता वस्तुपाल, तेजपाल तथा उनकी धर्मपत्नी अनुपमा देवी के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
साध्वीश्री ने कहा कि जीवन में कनेक्शन, करेक्शन और कन्सेशन सबसे पहले अपनी अंतरात्मा के साथ होना चाहिए। आत्मज्ञान प्राप्त करने, भीतर के दुर्गुणों को पहचानने तथा अंतरात्मा की आवाज सुनने से ही मनुष्य का वास्तविक परिचय स्वयं से होता है। आत्ममंथन के बिना जीवन अधूरा और व्यर्थ है। उन्होंने साधर्मी भाइयों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
चरित्र सूत्र की वाचना के दौरान भीमसेन एवं हरिसेन महाराज के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि शासक का प्रथम कर्तव्य न्यायपूर्वक प्रजा का पालन करना होता है।
प्रवचन के उपरांत केएमपी सदस्याओं द्वारा धार्मिक तंबोला (हाउजी) का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गुरुवर्या बहिन म.सा. श्री विद्युत् प्रभा श्रीजी एवं साध्वी वृंद के सान्निध्य में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मुमुक्षु सुश्री प्रेरणा लुनिया, द्वितीय स्थान अनिता सिरोया एवं रिया जैन तथा तृतीय स्थान रौनक जैन ने प्राप्त किया।
धार्मिक हाउजी प्रतियोगिता में खरतर गच्छ महिला परिषद् की माया सिरोया, वंदना गन्ना, ऋतु पारिख, कविता खिमावत, वीनू कोठारी, मंजू पितलिया, रिया जैन, सुशीला भंसाली सहित अनेक महिलाओं ने हर्षोल्लास से भाग लिया।
इस अवसर पर तपस्या करने वाले श्रद्धालुओं एवं बाहर से पधारे अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष राज लोढ़ा, चातुर्मास संयोजक गजेंद्र भंसाली, उपाध्यक्ष शैलेंद्र लोढ़ा, कोषाध्यक्ष भूपाल सिंह दलाल तथा कपिल लोढ़ा ने किया। खरतरगच्छ युवा परिषद् (केजीयूपी) के पूर्व अध्यक्ष सुभाष महात्मा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!