भीलवाड़ा, 15 दिसंबर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा जन भावना के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान हेतु त्रिस्तरीय व्यवस्था बनाई जाकर ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर तक जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी की अध्यक्षता में राजीव गांधी सेवा केंद्र के विडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित की गई।
आमजन के विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई कर उनका निस्तारण करते हुए कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को जिला कलक्टर द्वारा जांच के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति के 20 परिवादो व जिला स्तरीय जनसुनवाई में विभिन्न स्थानों व मसलों से जुड़े कुल 40 प्रकरणों में सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को इनमें परिवादी की शिकायत का निराकरण करने के आदेश दिए। श्री मोदी ने समस्त जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जनसुनवाई में आने वाले प्रकरणों के प्रभावी एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर द्वारा जनसुनवाई में अवैध निर्माण, अतिक्रमण, पेयजल लाईन डालने, महिला मेट के भुगतान, सरकारी जमीन पर कब्जा, सड़क निर्माण, रास्ता खुलवाने, सीवरेज लाइन सुधार, सड़क, नाली निर्माण, गड्ढे भरवाने, रोड लाइट लगवाने तथा दिव्यांग पेंशन से संबंधित विभिन्न परिवादो पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
श्री मोदी ने बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा जुड़े उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों और विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण वे अपने स्तर पर किया जाना सुनिश्चित करें।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद डॉ शिल्पा सिंह, उपखण्ड अधिकारी डॉ पूजा सक्सेना, यूआईटी ओएसडी रजनी माधीवाल, प्रशिक्षु आईएएस श्री गौरव बुढ़ानिया सदस्य श्री सुरेश बंब सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व परिवादी मौजूद रहे, साथ ही जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
