उदयपुर, 10 जुलाई। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206 ने एक और सराहनीय पहल करते हुए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, डबोक में 35 लाख रूपयें की लागत से बननें वाले चार आधुनिक कक्षाओं के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। संस्था की इस पहल से विद्यालय में अध्ययनरत 424 विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
टेबल चेयरमैन मोहित सिंघवी ने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त कक्षाओं के अभाव के कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी आवश्यकता को देखते हुए राउंड टेबल 206 एवं उसके सहयोगी प्रायोजकों ने चार नई कक्षाओं के निर्माण का संपूर्ण दायित्व उठाया है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य आगामी चार माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
भूमि पूजन समारोह में राउंड टेबल राजस्थान के एरिया चेयरमैन अनीश चौधरी, टेबल सेक्रेटरी दीपक जोध़ावत, प्रोजेक्ट कन्वीनर कुणाल बागरेचा तथा टेबलर केयूर जैन, उत्कर्ष बक्षी, असीम बोलिया, विशाल शाह, सिमरनजीत सिंह एवं मनीत गोयल उपस्थित रहे।
समारोह में डबोक सरपंच भगवतीलाल पाटीदार एवं उपसरपंच ललित पालीवाल ने भी भाग लिया। उन्होंने राउंड टेबल 206 की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग एवं पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
विद्यालय की प्राचार्य निधि शर्मा ने संस्था एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालय में चार नई कक्षाओं का निर्माण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे समाज के अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणादायी पहल बताया।
चेयरमैन मोहित सिंघवी ने कहा कि राउंड टेबल का राष्ट्रीय ध्येय “फ्रीडम थू्र एजुकेशन” है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए संस्था शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षण वातावरण और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिल सके।
‘फ्रीडम थू्र एजुकेशन’ की मिसालः डबोक राजकीय विद्यालय में 35 लाख की लागत से बननें वाले चार नए कक्षाओं के निर्माण का हुआ भूमि पूजन
