उदयपुर। भीलवाड़ा में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में उदयपुर के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
भीलवाड़ा प्रतियोगिता में जीते पदक-प्रतियोगिता में सुभाष भाकर ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। हिमांश मालवीय ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक तथा मेडले रिले में कांस्य पदक जीते। वहीं, मंथन कुमावत ने 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (IM) तथा मेडले रिले स्पर्धाओं में कांस्य पदक प्राप्त किए।
खिलाड़ियों की सफलता पर जताई खुशी-मुख्य तैराकी प्रशिक्षक पीयूष सुखवाल ने बताया कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। नियमित प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी दुर्गेश मेनारिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणदास वैष्णव एवं युगल किशोर शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रतियोगिता में दल प्रभारी योगेश पालीवाल, महेंद्र मीणा की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उदयपुर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
