उदयपुर में 13-14 जुलाई को होगी संभाग स्तरीय जनसुनवाई

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

यूसीसी पर जनमत संग्रह की पहल
विवाह, तलाक, भरण-पोषण सहित प्रमुख विषयों पर आमजन से लिए जाएंगे सुझाव
उदयपुर, 10 जुलाई। राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रारूप को लेकर आमजन की राय जानने के उद्देश्य से उदयपुर में 13 एवं 14 जुलाई को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बसंत सिंह छाबड़ा की अध्यक्षता में गठित समिति इन दो दिनों में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के सुझाव प्राप्त करेगी।

संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने बताया कि 13 जुलाई प्रातः 12 बजे से 14 जुलाई तक जिला कलक्टर कार्यालय स्थित डीओआईटी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार जनसुनवाई होगी। इस दौरान विवाह, विवाह विच्छेद (तलाक), भरण-पोषण, उत्तराधिकार तथा लिव-इन रिलेशनशिप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। जनसुनवाई में सांसद, विधायक, महापौर, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, जिला प्रमुख, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, विधि एवं सामाजिक विज्ञान के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने विचार रख सकेंगे। नागरिक अपने सुझाव एवं विचार वेब पोर्टल के माध्यम से अथवा पीडीएफ प्रारूप में अपलोड कर प्रस्तुत कर सकते हैं। साथ ही यूसीसी से जुड़े प्रश्न एवं सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं।

संभागीय आयुक्त ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 जुलाई को 12 से 1.30 बजे तक उदयपुर जिले की जनसुनवाई होगी। दोपहर 2.30 से 4 बजे तक बांसवाड़ा और 4 से 5 बजे तक चित्तौड़गढ़ जिले के लिए जनसुनवाई वीसी के माध्यम से होगी। अगले दिन 14 जुलाई को सुबह 10 से 11 बजे तक डूंगरपुर, 11 से 12 बजे तक राजसमंद, 12 से 1 बजे तक प्रतापगढ़ तथा दोपहर 2 से 3 बजे तक सलूम्बर जिले के लिए जनसुनवाई होगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!