वाहन पार्किंग के लिए पथ विक्रेताओं की बेदखली उनके पेट पर लात मारने जैसा कदम—सिंघवी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर! ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक और पूर्व पार्षद सीटू जिलाध्यक्ष राजेश सिंघवी ने कहा कि शहर के मुखर्जी चौक में पीढ़ियों से फुटपाथ पर सब्जी एवं फल बेच अपना गुजारा करने वाली महिलाओं को वाहन पार्किंग के लिए बेदखल करना उनके पेट पर लात मारने जैसा है। वे रविवार को ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन की संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद निजाम की अध्यक्षता में शिराली भवन में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। सिंघवी ने कहा की पथ विक्रेता अधिनियम, 2014 अनुसार विकास के नाम पर या यातायात बाधा के नाम पर पथ विक्रेताओं को बेदखल करने का कोई अधिकार नहीं है लेकिन नगर निगम के आयुक्त सरकार एवं भाजपा नेताओं के इशारे एवं उनकी “गुड बुक” में आने के लिए यह अवैध कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाहन पार्किंग के लिए रोजगार पर लगे लोगों की बेदखली घर को तोड़ चौतरा बनाने जैसी कहावत को चरितार्थ करता है! उन्होंने कहा कि यह विकास नहीं विनाश है, जिसमें एक भी व्यक्ति बेरोजगार होता है। बैठक में यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुमान सिंह राव ने कहा कि मुखर्जी चौक सब्जी मंडी पर पीढीयो से महिलाएं शांतिपूर्ण अपना रोजगार कर उदयपुर की जनता की सेवा कर रही है जिन्हें सम्मानित करने की जगह उन्हें प्रताड़ित कर अपमानित किया जा रहा है, जिसे हर मेहनतकश को विरोध करना चाहिए! उन्होंने नारा दिया कि जो जगह सरकारी है वह जगह हमारी है। सीटू के सचिव हीरालाल सालवी ने कहा कि आज भाजपा सरकार प्रशासन के द्वारा हर मेहनतकश के रोजगार पर हमला कर रही है और हिंदू मुसलमान का खेल, खेल रही है जिसका हमें विरोध करना चाहिए! सभी ठेला फुटपाथ व्यवसायी को लाइसेंस देने की जिम्मेदारी नगर निगम की है लेकिन नगर निगम अपनी जिम्मेदारी से हटकर बेदखली की कार्रवाई कर रहा है। टाउन वेडिंग कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र कुमावत ने कहा कि नगर निगम अपने लाइसेंस, प्रमाण पत्र, सर्वे की कदर नहीं करता और पथ विक्रेताओं को बेदखल कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा अवेध रूप से ठेला सामान जप्त कर अभी ठेला सामान नहीं छूटेंगे और टूटेंगे की धमकी दी जाती है!यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद निज़ाम ने कहा कि एक तरफ तो पथ विक्रेताओं को पी एम स्व निधि के नाम पर 1 लाख रुपये तक लोन दिये जा रहे है लेकिन दूसरी तरफ उन्ही पथ विक्रेताओं को बेदखल किया जा रहा है! यूनियन की सचिव रानू सालवी, सचिव मोहम्मद शाहिद, टाऊन वेंडिंग कमेटी के सदस्य बंसीलाल चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में मंगलवार को जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त से मिल ज्ञापन देकर नगर निगम से पथ विक्रेता कानून की पालना करने और मुखर्जी चौक से बेदखल किए गए पथ विक्रेताओं को वहीं पर व्यवसाय करने देने की मांग करने का निर्णय लिया गया! साथी उदयपुर में पथ विक्रेता कानून की पालना करने और किसी को भी बेदखल नहीं कर पथ विक्रेताओं के कल्याण करने के नियम लागू करने के लिए भी 10 अगस्त 2026 को जेल भरो आंदोलन करने का भी निर्णय लिया गया! इस अवसर पर विनोद दया, ईश्वरलाल, मोहम्मद अहसान, रौनक, अमजद शेख, रघुनाथ सिंह आदि भी मौजूद थे!

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!