उदयपुर। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में रविवार को दिनभर तेज उमस और गर्मी के बाद शाम को करीब आधे घंटे से ज्यादा झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। रविवार को तापमान में वृद्धि होने से गर्मी भी तेज रही। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में रविवार को सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा। दिन भर काली घटाएं इधर से उधर उमड घुमड करती रही। शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई लेकिन बारिश नहीं होने के कारण लोग तेज गर्मी से परेशान होते रहे। तेज उमस के चलते लोग पसीने से तर होते रहे। शाम करीब पांच बजे काली घटा उमडी और कुछ देर बाद तेज झमाझम बारिश शुरू हुई जो करीब आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक एक रफ्तार से चली। तेज बारिश के चलते सडकों पर पानी बहने लगा। शहर के कुछ इलाकों में सडकों पर पानी भर जाने से आवागमन भी बाधित हुआ। मौसम कार्यालय डबोक के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया जो शनिवार को क्रमश: 32.8 डिग्री व 21.1 डिग्री था। बीते चौबीसा घंटों के दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं बीते चौबीस घंटों के दौरान 12.3 मिमी बारिश हुई।
उदयपुर में दिनभर तेज उमस के बाद शाम को झमाझम
