उदयपुर। सलूम्बर जिले के खेरकी गांव स्थित भमात फला की ढाणी में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 46 मेहमान बीमार हो गए। इनमें से दस मेहमानों को गंभीर हालत में चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार सलूम्बर जिले के खेरकी गांव स्थित भमात फला की ढाणी में संदीप मीणा पुत्र गोविंद मीणा की गुरुवार को शादी के उपलक्ष में समारोह था जिसमें मेहमानों के लिए खाना किया गया। दोपहर में मेहमानों ने खाना खाया। इसके करीब आधे से एक घंटे बाद मेहमानों को पेट दर्द, उल्टी—दस्त की शिकायत हुई। संदीप की बारात खेरकी गांव से उदयपुर के सुरफलाया के लिए रवाना हुई। रास्ते में तबियत खराब होने पर कुछ बाराती वापस लौट आए और सीधे परसाद चिकित्सायलय पहुंच इलाज कराया। सूचना पर चिकित्सा विभाग की टीम गांव पहुंची और सर्वे करते हुए उपचार किया। सर्वे में कुल 46 मेहमानों की तबियत खराब होना पाया। इनमें दस मेहमानों की तबियत ज्यादा खराब होने पर इनमें से आठ को परसाद चिकित्सालय में भर्ती किया गया जब कि किशन मीणा 18 व पुष्पा मीणा 45 को उदयपुर स्थित महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया।
शादी समारोह में खाना खाने से बीमार हुए 46 मेहमान, दस भर्ती
