राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष पहुंचे उदयपुर
कलक्टर सहित अधिकारियों से की चर्चा
उदयपुर, 22 जून। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र कुमार नायक ने सोमवार को उदयपुर पहुंचकर जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान श्री नायक ने राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम (अनुजा निगम) के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष ने कौशल विकास एवं आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षित अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न वित्तीय सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ ऐसे प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर मिल सकें। श्री नायक ने उद्योग विभाग की दलित प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, अनुजा निगम की परियोजना प्रबंधक रजनी मालीवाड़, सहायक प्रबंधक वीना मेहरचंदानी, जिला उद्योग अधिकारी चोखाराम, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) के ललित कुमार, समाजसेवी गजपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
