नन्दनी माता एवं वाराही माता को दिया महोत्सव का निमंत्रण, निर्विघ्न आयोजन के लिए मांगा आशीर्वाद
बड़ोदिया (बांसवाड़ा), 21 जून। श्री विश्वकर्मा मंदिर, बड़ोदिया में 26 एवं 27 जून को आयोजित होने वाले भव्य श्री विष्णुयज्ञ एवं कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शनिवार को धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए समाज के प्रतिनिधिमंडल ने वागड़ की आराध्य शक्तियों को आमंत्रण अर्पित किया।

श्री विश्वकर्मा सेवा संस्थान, बड़ोदिया के प्रतिनिधि घनश्याम सुथार, जगदीश लीलाराम शर्मा, दिनेश हीरालाल शर्मा एवं विशाल शर्मा वागड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ नन्दनी माता मंदिर (पावागढ़) तथा वाराही माता मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रीफल एवं महोत्सव की निमंत्रण पत्रिका अर्पित की।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों भगिनी देवियों के श्रीचरणों में आगामी श्री विष्णुयज्ञ एवं नवनिर्मित कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा महोत्सव को समर्पित करते हुए आयोजन की सफलता, क्षेत्र की खुशहाली एवं समाज की उन्नति के लिए प्रार्थना की। साथ ही देवियों से महोत्सव को उनकी दिव्य कृपा एवं आशीर्वाद से निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने की कामना की।
संस्थान पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय सनातन परंपरा में किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन से पूर्व क्षेत्र की आराध्य शक्तियों एवं देवस्थानों को निमंत्रण अर्पित करने की प्राचीन परंपरा है। इसी कड़ी में यह धार्मिक आमंत्रण यात्रा आयोजित की गई।
गौरतलब है कि समस्त गुजराती मेवाड़ा सुथार समाज, बड़ोदिया एवं श्री विश्वकर्मा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में 26 जून को हेमाद्रि संकल्प, गणपति पूजन, मंडप प्रवेश, अग्नि स्थापना एवं विष्णुयज्ञ प्रारंभ होगा, जबकि रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। 27 जून को कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा, महाआरती एवं महाप्रसाद के साथ महोत्सव का समापन होगा।
