गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया योग दिवस

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

 स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का दिया संदेश

उदयपुर, 21 जून।। राज्य सरकार एवं गृह रक्षा विभाग के निर्देशानुसार गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कार्यालय परिसर में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का व्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गृह रक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, गृह रक्षा स्वयंसेवक एवं सेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कमांडेंट प्रणय जसोरिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं निरोगी रहता है, मानसिक तनाव और चिंता में कमी आती है तथा व्यक्ति का आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ती है। योग हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कमांडेंट श्री जसोरिया ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग एक प्रभावी उपाय के रूप में उभरा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह कई प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बच सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों से नियमित रूप से योग करने और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्लाटून कमांडर मंगलाराम ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा जीवन में अनुशासन और संतुलन बना रहता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

देवास पेयजल परियोजना की टनल साइट पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
उदयपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवास पेयजल परियोजना की टनल साइट कैंप में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता मनोज, अधिशासी अभियंता बीरबल डूडी तथा एमईआईएल कंपनी के अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम है तथा नियमित योग से कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। साइट पर उपस्थित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!