उदयपुर। शहर के पीएफसी एजुकेशन परिसर में आयोजित विशेष व्यक्तित्व विकास सत्र विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और सीख का अनूठा मंच बन गया। फैशन डिजाइनर एवं व्यक्तित्व विकास विशेषज्ञ पल्लवी दोशी ने अपने अनुभवों और व्यावहारिक टिप्स के माध्यम से छात्रों को सफलता की नई दिशा दिखाई। कार्यक्रम में संस्था की संचालिका मीनाक्षी भारवानी की विशेष उपस्थिति रही।
मीनाक्षी भारवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल अकादमिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावशाली व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और बेहतर संवाद कौशल भी सफलता के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि पीएफसी एजुकेशन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है।
सत्र के दौरान पल्लवी दोशी ने छात्रों को व्यक्तित्व निखार, सकारात्मक सोच, बॉडी लैंग्वेज, इंटरव्यू की तैयारी, प्रोफेशनल व्यवहार और प्रभावी कम्युनिकेशन के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ स्वयं को प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अपने ब्रांड “क्लाइडोस्कोप” की सफलता की यात्रा साझा करते हुए बताया कि एक छोटे से विज़न से शुरू हुआ यह सफर आज बड़े स्तर तक पहुंच चुका है। निफ्ट से प्रोफेशनल शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ कार्य किया और अपने जुनून को सफलता में बदला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस सत्र को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यक्तित्व और भविष्य को लेकर नई सोच एवं ऊर्जा मिली है।
पीएफसी एजुकेशन का यह प्रेरक आयोजन छात्रों के लिए यादगार अनुभव बन गया, जिसने उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
आत्मविश्वास और सफलता के मंत्रों से गूंजा पीएफसी एजुकेशन, पल्लवी दोशी के प्रेरक सत्र ने छात्रों में भरा नया उत्साह
