राष्ट्रीय लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर संपन्न, राजस्थान के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर लौटने पर संभागीय आयुक्त ने किया भव्य अभिनंदन, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए दी शुभकामनाएँ
उदयपुर, 6 जुलाई। लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटियस यूनिवर्सिटी में आयोजित 15 दिवसीय राष्ट्रीय लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर एवं चयन स्पर्धा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतिष्ठित शिविर में देशभर से चयनित 64 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें उदयपुर जनजाति क्षेत्र के 16 खिलाड़ी (10 महिला एवं 6 पुरुष) शामिल रहे, जिन्होंने पूरे शिविर के दौरान अनुशासन, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट प्रदर्शन से राजस्थान का गौरव बढ़ाया।
लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ लारी ने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों को जापान के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक यूकारी यामामोटो एवं दायची तनाका के मार्गदर्शन में आधुनिक खेल तकनीक, योजनाबद्ध आक्रमण एवं रक्षण, तेज निर्णय क्षमता, गोल कन्वर्जन, फिटनेस, आत्मविश्वास और टीम तालमेल का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।
शिविर प्रभारी सौरव बेताल, स्थानीय प्रभारी प्रशांत शर्मा, ऑब्जर्वर सज्जाद खान, संयोजक शकील खान तथा सहायक प्रशिक्षकों नीरज बत्रा (राजस्थान), फ्रांसिस (गुजरात) एवं राजपाल रेडु (हरियाणा) ने प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक संचालित किया। वहीं डॉ. शिखा श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को खेल मनोविज्ञान एवं मानसिक मजबूती का प्रशिक्षण दिया, जबकि डॉ. लता एवं डॉ. दीपक ने योग एवं मेडिटेशन के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन पर मार्गदर्शन दिया। फिजियोथैरेपी विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को चोटों की रोकथाम एवं रिकवरी संबंधी आधुनिक तकनीकों से भी अवगत कराया।
राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के आधार पर चयनित खिलाड़ी आगामी ऑस्ट्रेलिया में आयोजित एशिया पेसिफिक ओलंपिक क्वालीफायर्स तथा मलेशिया में होने वाले साउथ ईस्टर्न एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि भारतीय लेक्रोज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर लेक्रोज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, सांसद एवं प्रसिद्ध भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि लेक्रोज तेजी से विश्वभर में अपनी पहचान बना रहा है तथा ओलंपिक खेल के रूप में इसका भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही गलगोटियस यूनिवर्सिटी के संस्थापक धु्रव गलगोटिया एवं विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
राष्ट्रीय शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उदयपुर लौटे खिलाड़ियों का लेक्रोज प्रवर्तक एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) के अध्यक्ष डॉ. पी. रमेश एवं अधिकारीगण, राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी व पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उदयपुर, राजस्थान और भारत का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने की शुभकामनाएँ दीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!