उदयपुर। श्री बिलौचिस्तान पंचायत एवं श्री सनातन धर्म सेवा समिति द्वारा 20 अक्टूबर को चेतक स्थित गांधी ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव की शोभायात्रा इस बार और अधिक भव्य एवं आकर्षक नजर आएगी। शहर के विभिन्न समाजों एवं समुदायों की ओर से लगभग 10 से 12 आकर्षक झांकियां शोभायात्रा में शामिल होंगी, जो धार्मिक एवं सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संदेश देंगी।
पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कटारिया के अनुसार इस बार झांकियों को लेकर विशेष उत्साह है। शोभायात्रा में शामिल झांकियों में से श्रेष्ठ तीन झांकियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न समाजों को अपनी संस्कृति और रचनात्मकता को प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पंचायत महासचिव विजय आहुजा ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में नई दिल्ली से विशेष रूप से बाहुबली हनुमान भी शामिल होंगे, जो श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही शोभायात्रा में कुछ अन्य नए एवं आकर्षक कार्यक्रम और प्रस्तुतियां भी जोड़ी जा रही हैं, जिनकी जानकारी आयोजन के दौरान विशेष रूप से सामने आएगी।
समिति के नरेंद्र क्थूरिया का कहना है कि इस बार प्रयास केवल शोभायात्रा को बड़ा बनाने का नहीं, बल्कि उसे ऐसा स्वरूप देने का है जिसमें भक्ति, संस्कृति, उत्साह और सामाजिक एकता एक साथ दिखाई दे। विभिन्न समाजों की भागीदारी से निकलने वाली यह शोभायात्रा दशहरा पर्व की सामूहिक भावना को और मजबूत करेगी।
समिति के मनीष डेम्बला ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीराम की विजय का उत्सव मनाएं और विभिन्न समाजों द्वारा प्रस्तुत की जा रही झांकियों का उत्साहवर्धन करें।
समिति के हेमंत गखरेजा ने बताया कि रावण परिवार को बनाने के लिए मथुरा से आए शाकिर भाई एव टीम व रावण परिवार को हर्बल कलर द्वारा उदयपुर के पेंटर जसवंत नाथ व साथी द्वारा सुंदर रुप दिया जा रहा है।
इस बार दशहरा शोभायात्रा में भक्ति भी होगी, भव्यता भी और कुछ ऐसे नए आकर्षण भी, जो इसे शहरवासियों के लिए यादगार बनाने की तैयारी में हैं।
