उदयपुर। हमारा देश इस समय गंभीर शिक्षा और रोजगार के संकट का सामना कर रहा है। छात्रों एवं युवाओं के साथ हो रहे इस अन्याय के साथ लड़ने और सरकार को जवाब देने के लिए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशव्यापी अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में एआईसीसी एवं पीसीसी के निर्देशानुसार उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को तितरड़ी स्थित मेवाड़ बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय परिसर में छात्रों की गूंज कोटा रैली में लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत मूल प्रस्तुति का डिस्प्ले प्रोजेक्टर पर क्षेत्र के छात्रों के समक्ष किया गया। इस मौके पर देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि देश में युवा आज शिक्षा और रोजगार के संकट से जूझ रहा है। प्रश्नपत्र लीक की बार-बार हो रही घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ो युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है और केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार इस विषय पर चुप है। डबल इंजन की सरकार सिर्फ छात्रों से पैसा वसूलने में लगी हुई है। देश की सिर्फ 5 परीक्षाओं (नीट, जेईई, एसएससी, यूपीएससी और आरआरबी) की तैयारी पर छात्र और उनके परिवार हर साल 3.5 लाख करोड़ रूपए खर्च करते हैं। ये पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, विज्ञान और महिला-बाल विकास इन पांच मंत्रालयों के कुल बजट के बराबर है। ऐसे में राहुल गांधी द्वारा जो छात्रों के लिए आवाज उठाई है देश उसका जवाब केंद्र और राज्य सरकार से मांग रहा है।
उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस सह-प्रभारी डिंपल कुंवर राठौड़ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और संस्थागत विफलताओं ने छात्रों के बीच निराशा, तनाव और असुरक्षा का माहौल पैदा किया है। इन गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार की चुप्पी और विफलता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चला रही है। देश इस समय शिक्षा और रोजगार के संकट का सामना कर रहा है। भ्रष्टाचार और अक्षमता ने शिक्षा के हर स्तर को जकड़ लिया है। प्रश्न पत्र लीक की लगातार घटनायें, परीक्षाओं का अचानक रद्द होना, छात्रों को दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर किया जाना, भर्ती प्रक्रिया में देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी सरकार की विफलता के कारण आम बन चुकी हैं। शहर अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा कुप्रबंधन, रद्द होती भर्तियाँ, आसमान छूती फीस, निजीकरण, घोटाले इनसे हर दिन छात्रों के सपने टूट रहे है। युवा का भविष्य ही देश का भविष्य तय करेगा। छात्रों की गूंज सिर्फ अभियान नहीं बल्कि एक क्रांति है। कार्यक्रम में पीसीसी उपाध्यक्ष हीरा लाल दंरागी, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, पीसीसी महासचिव पंकज शर्मा, पीसीसी सचिव भीम सिंह चुंडावत, पूर्व देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरुलाल चौधरी, कल्याण सिंह राव, अजय सिंह, मोडसिंह सिसोदिया, ब्लॉक अध्यक्ष ओनार सिंह सिसोदिया, राम सिंह चदाणा, कामिनी गुर्जर, डॉ संजीव राजपुरोहित, दिनेश औदिच्य, महिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष भगवती डांगी सहित कई पदाधिकारी एवम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उदयपुर कांग्रेस ने दिखाई छात्रों की गूंज
