नोटिस के बाद भी सुरक्षा उपकरण नहीं लगाने पर मेवाड़ बैंक्वेट व बालाजी कोचिंग संस्थान सीज

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया गया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशानुसार अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सर्वे कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अग्नि सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वाले मेवाड़ बैंक्वेट एवं बालाजी कोचिंग संस्थान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी द्वारा पूर्व में इन दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए थे। संबंधित संचालकों को नोटिस में निर्धारित समयावधि में अग्निशमन उपकरण स्थापित करने, आपातकालीन निकास मार्ग सुनिश्चित करने तथा अन्य सुरक्षा मानकों की पालना करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा आवश्यक सुधार नहीं किए गए और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने में गंभीर लापरवाही बरती गई जो कि बर्दास्त योग्य नहीं है। आयुक्त खन्ना ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अग्नि सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों, बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक भवनों, होटल, अस्पताल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सीधे तौर पर जनजीवन को खतरे में डालती है। इसी कारण निगम द्वारा ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शहर में किए गए सर्वे पश्चात नोटिस जारी करने के बाद भी नियमों की अनुपालना नहीं करने पर मेवाड़ बैंक्वेट एवं बालाजी कोचिंग संस्थान को सीज करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही शहर के अन्य प्रतिष्ठानों का भी लगातार सर्वे एवं निरीक्षण जारी है। जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें नियमानुसार नोटिस दिए जाएंगे तथा समय पर सुधार नहीं होने की स्थिति में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर सीजिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहर के  सभी व्यवसायिक संस्थान संचालकों, भवन मालिकों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील करते हुए कहा की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें तथा आवश्यक अग्निशमन उपकरण, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं तत्काल स्थापित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके। निगम का यह अभियान आगामी दिनों में और अधिक प्रभावी रूप से जारी रहेगा। अतः किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचने के लिए संचालक जल्द से जल्द सुरक्षा मापदंडों को पूर्ण कर निगम द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान में अपना सहयोग देवे। अग्नि सुरक्षा को लेकर नगर निगम द्वारा बुधवार को की गई कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा, निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!