उदयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव तथा उदयपुर शहर एवं देहात सह प्रभारी डिम्पल राठौड़ ने कहा कि नीट पेपर लीक होने से आहत युवाओं और छात्रहित के साथ कांग्रेस हमेशा साथ है और साथ रहेगी। नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर आंदोलनरत कॉकरोज जनता पार्टी यदि सहयोग मांगेगी तो कांग्रेस उनका भी साथ देगी। डिम्पल राठौड ने बुधवार को उदयपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि युवाओ से वादा करके सत्ता में आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पेपर लीक नहीं रोक पाए। केंद्र की भाजपा सरकार बच्चों के फीस के पैसों से शिक्षा विभाग चला रही है जबकि यह काम सरकार को स्वयं पर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बार बार परीक्षा कराने में विफल रही है। नब्बे से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं लेकिन सरकार कोई जवाबदेही तय नहीं कर रही जबकि सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। देश के बच्चों के साथ खिलवाड हो रहा है। बच्चों की पीडा देख लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा से शुरुआत की है। उन्होंने बच्चों से संवाद कर जान रहे है कि शिक्षा व्यवस्था कैसी होनी चाहिए। प्रभारी डिम्पल राठौड ने कहा कि अभिभावक बच्चों के भविष्य को संवारने की कोशिश करते हैं तो पेपर लीक बच्चों की मानसिकता प्रभावित करता है। शिक्षा का ऐसा सिस्टम हो कि मध्यम वर्गीय बच्चे भी डाक्टर बन सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में शिक्षा को लेकर बेहतर व्यवस्था करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष रघुवीरसिंह मीणा ने कहा कि देश में शिक्षा का स्तर सुधारने की आवश्यकता है ताकि बच्चे सुरक्षित तैयारी कर सके। नीट पेपर लीक पर 22—23 लाख बच्चों ने चिंता जताई है। एक दर्जन से ज्यादा बच्चों ने सुसाइड कर लिया जो सिस्टम को प्रभावित करने वाला है। सिस्टम को ठीक करने पर काम करना चाहिए। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड ने कहा कि सरकार के इशारे पर माफिया पनप रहा है। बच्चों की सुनने वाला कोई नहीं है। अब देश में युवाओं ने आवाज उठाई है। सरकार को होश में आना होगा। अब देश का युवा नहीं सहेगा। कॉकरोज जनता पार्टी ने आवाज उठाई है। सभी को मिलकर उनकी आवाज बनकर आगे आना होगा। सरकार को आंखे खोलनी होगी। नीट पेपर लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। प्रेसवार्ता में लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी ताराचंद मीणा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, डॉ संजीव राजपुरोहित, फिरोज अहमद शेख, अशोक तम्बोली, दीपक सुखाडिया, चंदा सुहालका, जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कॉकरोज जनता पार्टी मांगेगी तो युवा हित में कांग्रेस देगी साथ—डिम्पल राठौड़
