आठवीं पास कारपेंटर ने आठ सौ किलोमीटर दूर बैठकर किया ब्लैकमेल,
—आरोपी अब 22 तक रिमांड पर
उदयपुर, 19 नवंबर : इंस्टाग्राम से दोस्ती कर दो नाबालिग बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाने की इच्छा रखने वाले 19 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने 22 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। गोगुंदा पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला यह मुस्लिम युवक आठवीं पास है और गांव में रहकर कारपेंटर का काम करता है। अपने मजदूर पिता तहसीन की नौ संतानों में सबसे छोटा हापुड़ (यूपी) के हाफिजपुर का रहने वाला शहबाज (19) दोनों लड़कियों से 800 किलोमीटर दूर बैठकर भी कैसे तक उन तक पहुंचा और आखिरकार उसके पास दोनों किशोरियों का ऐसा कौन सा राज था। जिसके खुलने के डर से दोनों ने मौत को गले लगा लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दोनों से अब तक कई हजार रुपए भी ऐंठ चुका है।
सावधानी से इस्तेमाल करें सोशल मीडिया : आज के डिजिटल वर्ल्ड में सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाना साइबर अपराधियों के लिए काफी आसान हो गया है। इसके लिए बेहतर है कि सोशल मीडिया से जुड़े हर प्लेटफॉर्म पर स्तर्क रहें। इस बारे में जानकारी देते हुए साइबर थाना अधिकारी लीलाराम ने बताया कि सोशल मीडिया के इस युग में इसका इस्तेमाल सावधानी से किया जाना अत्यंत आवश्यक है। खासतौर से किशोरावस्था के बच्चे—बच्चियों को यह विशेष ध्यान रखना चाहिए कि किसी भी अनजान व्यक्ति से इंस्टाग्राम, फेसबुक, वॉट्सएप या किसी दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोस्ती ना करें। अनजान नंबर से मिले वीडियो कॉल या किसी भी तरह के लिंक को ओपन ना करें। सोशल मीडिया से जुड़े किसी भी प्लेटफार्म पर यदि आप को कोई परेशान करता है या आपकी तस्वीर पर आपत्तिजनक टीका—टिप्पणी करता है तो तुरंत इसकी शिकायत अपने क्षेत्र के साइबर थाने में करें। माता—पिता ध्यान दें कि यदि इस तरह की कोई घटना आपके बेटे या बेटी के साथ हुई तो तुरंत चाइल्ड हैल्प लाइन को सूचित करें और यदि पीड़ित कोई महिला है तो टॉल फ्री नं. 112 या महिला हैल्प लाइन में इसकी शिकायत करें।
