विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के लिए पंजीकरण प्रारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

18 से 25 वर्ष के युवा माय भारत पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन
उदयपुर, 24 अक्टूबर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत केंद्र, उदयपुर द्वारा यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 2 नवंबर 2026 को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) में निदेशक छात्र कल्याण डॉ. विक्रमादित्य दवे के सहयोग से किया जाएगा, जिसके कुल 3 विजेता राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। तत्पश्चात राष्ट्रीय युवा उत्सव 10-12 जनवरी में जाने का अवसर दिया जाएगा एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर यूथ पार्लियामेंट में भाग लेने का मौका मिलेगा।
जिला युवा अधिकारी समीर खान ने बताया कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक युवा माय भारत के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं को संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों तथा समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने होंगे। यह कार्यक्रम युवाओं में तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। युवाओं को आवेदन करते समय अपनी पात्रता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक जानकारी सही-सही भरने की सलाह दी गई है।
माय भारत, उदयपुर की ओर से जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि 1 नवंबर 2026 से पूर्व अपना पंजीकरण कराएं और 2 नवंबर को आयोजित होने वाले विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं विचारों का प्रदर्शन करें। आवेदन ऑनलाइन जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!