संगीत शिक्षक सम्मान समारोह कलास्पंदन आयोजितःडॉ. शकुंतला पंवार को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, सुर-ताल की प्रस्तुतियों से झूमे श्रोता

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। श्रुति द स्कूल ऑफ म्यूजिक की ओर से संगीत शिक्षकों के अतुलनीय योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से शिक्षक सम्मान समारोह कलास्पंदन का गरिमामय आयोजन किया गया।
समारोह में वयोवृद्ध एवं प्रख्यात नृत्यांगना डॉ. शकुंतला पंवार को भारतीय कला व संस्कृति में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। इसके साथ ही नगर के संगीत शिक्षकों डॉ. शबनम चतुर्वेदी, डॉ. निशा व्यास, डॉ. गरिमा जोशी एवं श्री नीरज वर्मा को कलास्पंदन सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रुति संस्थान के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य कथक, भाव नृत्य, शास्त्रीय गायन, सुगम गायन और शास्त्रीय वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त, भेंडी बाज़ार घराने के युवा गायक पंकज राव ने श्रोताओं के विशेष आग्रह पर राग झिंझोटी की बंदिश प्रस्तुत कर समां बांध दिया। समारोह के अंत में विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन व सहभागिता निभाने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में जितेश श्रीमाली, प्रो. हर्षिता श्रीमाली एवं प्रो. हेमंत धाबाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पूजा दिविजा ने किया, वहीं अंत में डॉ. ऋतम्भरा राणावत ने सभी अतिथियों, कलाकारों व शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!