महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में होगा आयोजन, शहीदों के नाम समर्पित रहेगा सेवाकार्य
उदयपुर। निःशुल्क भोजन वितरण सेवा संस्थान का आठवां स्थापना दिवस समारोह आगामी 10 मई 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष केदारनाथ दाधीच ने बताया कि संस्थान 28 अप्रैल 2019 से निरंतर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करा रहा है। वर्तमान में संस्थान द्वारा महाराणा भूपाल चिकित्सालय परिसर में सेवाएं अनवरत जारी हैं, जहां प्रतिदिन मरीजों और उनके परिजनों को भोजन वितरित किया जाता है।
हाल ही में संस्थान की एक बैठक संरक्षक शंकर लाल तेजवानी एवं जिलाध्यक्ष राजकुमार सचदेव की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस समारोह चिकित्सालय परिसर स्थित ब्लड बैंक के पास पार्किंग क्षेत्र में खुले प्रांगण में आयोजित होगा।
समारोह 10 मई को दोपहर 4 बजे प्रारंभ होगा। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के सेवा कार्य हिंदुस्तानी शहीदों के नाम समर्पित किए जाएंगे। साथ ही मेवाड़ क्षेत्र की प्रतिभाशाली हस्तियों को ‘मेवाड़ गौरव’ सम्मान प्रदान कर उनका अभिनंदन किया जाएगा। संस्थान के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सेवा कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की है।
