उदयपुर के 50 विद्यालयों में मनाया गया विश्व शौचालय दिवस

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत विद्यालयों के निर्माण के लिए विद्यार्थियों को स्वच्छता, शौचालय के उचित उपयोग एवं रखरखाव के प्रति किया जागरूक

उदयपुर, 19 नवंबर 2026। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर उदयपुर जिले के 50 विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह आयोजन राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (CEE) एवं यूनिसेफ के सहयोग से संचालित **‘क्लीन, सेफ एंड सस्टेनेबल स्कूल्स’ परियोजना** के अंतर्गत किया गया।

दिनेश कुमार और योगेश कुमार,परियोजना अधिकारी, सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन ने बताया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय प्रत्येक बच्चे का महत्वपूर्ण अधिकार है।  इस अवसर पर विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से शौचालयों के स्वच्छ एवं सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता, शौचालयों के नियमित रखरखाव तथा स्वच्छता सुविधाओं के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालयों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए सुलभ, सुरक्षित, समावेशी एवं बाल-अनुकूल शौचालय सुविधाओं के महत्व पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही पोस्टर निर्माण, चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी, समूह चर्चा एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विश्व शौचालय दिवस के महत्व की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शौचालय का उपयोग करने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने, शौचालयों को साफ-सुथरा रखने, पानी के उचित उपयोग, स्वच्छता संबंधी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करना, विद्यालय स्तर पर स्वच्छता सुविधाओं के बेहतर रखरखाव को बढ़ावा देना तथा बच्चों की सहभागिता से स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत विद्यालयी वातावरण का निर्माण करना है।

विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि *स्वच्छ शौचालय, स्वस्थ जीवन और सम्मानजनक वातावरण की आधारशिला है।*विद्यालयों में स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पूरे विद्यालय समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!