वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026

25 मई 5 जून तक चलेगा जल संरक्षण का महाअभियान
जन-जन की भागीदारी होगी सुनिश्चित
उदयपुर, 13 मई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गत वर्ष चलाए गए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के सार्थक परिणामों के बाद इस वर्ष पुनः यह अभियान चलाया जाएगा। राजस्थान सरकार द्वारा “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का आयोजन 25 मई से 5 जून 2026 तक किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 25 मई को ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट के राज्य स्तरीय समापन समारोह के अवसर पर होगी।

यह है उद्देश्य
– जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना
– वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना
– पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण
– जनभागीदारी से जल संकट का समाधान
– पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा

12 दिन तक होंगी विविध गतिविधियां
अभियान की थीम “कैच द रेन – जल संचय जन भागीदारी” रहेगी। इसमें प्रतिदिन विविध गतिविधियां आयोजित होंगी। 25 मई को राज्य स्तरीय शुभारंभ के साथ ही प्रत्येक जिले में अभियान का आगाज होगा। इस दौरान जल स्रोतों की पूजा व सफाई, “वन्दे गंगा” थीम गीत की लांचिंग, प्रभात फेरी, नए कार्यों का भूमि पूजन आदि आयोजन होंगे। 27 मई को प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव की उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। अभियान के दौरान प्रत्येक दिन विभिन्न विभागों की सहभागिता से नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण संरचनाओं का शिलान्यास, सार्वजनिक स्थलों पर जल सेवा एवं सफाई अभियान, तालाब, जोहड़, नालों की सफाई, साइकिल रैली, प्रभात फेरी, श्रमदान और जनभागीदारी कार्यक्रम, किसान चैपाल, कार्यशालाएं, जल परीक्षण और तकनीकी जानकारी वृक्षारोपण व पर्यावरण गतिविधियां होंगी। अभियान का समापन 5 जून को पर्यावरण दिवस पर होगा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को “जल गौरव सम्मान” से नवाजा जाएगा।

कलक्टर होंगे नोडल अधिकारी
अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कलक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं ब्लॉक एवं विभागीय स्तर पर भी नोडल बनाए जाएंगे। अभियान के दौरान संपादित होने वाली गतिविधियों को पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!