मंगल भवन अमंगल हारी से गुंजायमान हुआ गंगोद्भव परिसर
17 अगस्त को निकलेगी 21वीं विशाल कांवड़ यात्रा,
11 हजार कांवड़िये करेंगे उभयेश्वर महादेव का अभिषेक
उदयपुर, 8 अगस्त। शिव महोत्सव समिति के तत्वावधान में आगामी 17 अगस्त को गंगा के चौथे पाये गंगोद्भव से उभयेश्वर महादेव तक निकाली जाने वाली 21वीं विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियां उत्साहपूर्वक जारी हैं। यात्रा में इस वर्ष लगभग 11 हजार कांवड़िये भगवान उभयेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय धार्मिक समारोह के दूसरे चरण में शनिवार को गंगोद्भव परिसर स्थित सामुदायिक भवन में महादेव धर्मोत्सव समिति की ओर से दो दिवसीय अखण्ड रामायण पाठ की विधिवत स्थापना की गई।
समिति अध्यक्ष मानसिंह हाड़ा ने बताया कि पंडित ओमप्रकाश शर्मा, एडवोकेट उदय सिंह देवड़ा की टीम के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ 24 घंटे तक चलने वाले संगीतमय अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। संगीतमय रामायण पाठ के दौरान पूरा गंगोद्भव परिसर ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ के भजनों से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष यज्ञनारायण शर्मा, पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी, महेष भावसार, रोषननाथ, हेमा भावसार, सुरेश रावत, एडवोकेट रामकृपा शर्मा पुरुषोत्तम पाराशर, भागीरथ सिंह, संतोष शर्मा, गोपाल रावल, पुष्कर दवे, शेखर रावल, नवीन, लोकेश शर्मा, नीतिश पुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पूजा-अर्चना कर आयोजन की मंगलकामना की।
सात दिवसीय समारोह के संयोजक एडवोकेट रामकृपा शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से अधिकाधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि रविवार सायं 5 बजे दो दिवसीय अखण्ड रामायण पाठ का समापन महाआरती के साथ होगा। आयोजन में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
