कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में कार चालक द्वारा आगे चल रही बाइक को टक्कर मारने से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तोल सिंह पुत्र रावसिंह राजपूत निवासी राठौडो का गुडा मारुवास ने दी रिपोर्ट में बताया कि अम्बावसिंह राजपूत अपनी मोटरसाइकिल लेकर तुला से मारुवास की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज गति में कार चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे मोटरसाइकिल सवार अम्बावसिंह राजपूत के गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक हादसे में घायल की मौत
उदयपुर। शहर के चित्रकूटनगर क्षेत्र में बाइक लापरवाही से चलाते हुए हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रेखा कुंवर पत्नी हिम्मतसिंह निवासी चित्रकूटनगर ने दीपक गमेती पुत्र मदन गमेती निवासी चित्रकूटनगर के खिलाफ रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि आरोपी द्वारा बाइक को तेज गति व लापरवाही पूर्वक चलाकर बाइक गिरा दी जिससे पीछे बैठा साथी शक्तिसिंह घायल हो गया। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।
पाटिया हाइवे पर पिकअप की टक्कर से युवक की मौत
उदयपुर। जिले के टीडी थानांतर्गत पाटिया हाईवे पर तेज गति से आई पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल हुए युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कन्हैया पुत्र भूरा कालबेलिया निवासी टीडी फला काली पीपली बारापाल ने दी रिपोर्ट में बताया कि अजमेर नंबर की पिकअप को चालक लापरवाही से चलाते हुए खडे टेम्पों को टक्कर मारते हुए उसके भतीजे दुर्गेश को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साथ ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा है।
