उदयपुर जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन घटनाओं ने सनसनी फैला दी। कानोड़ कस्बे में मादलिया लूटने की नीयत से बदमाश ने घर के बाहर बैठी वृद्धा का धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वहीं खेरोदा क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि टीडी थाना क्षेत्र में पेड़ से गिरने से एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। तीनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मादलिया लूटने बदमाश ने वृद्धा का काटा गला, मौत : उदयपुर। जिले के कानोड कस्बे में घर के बाहर बैठी वृद्धा का बदमाश धारदार हथियार से गला काटकर मादलिया लूट ले भाग गया। हमले में वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार विनोद पुत्र बाबूलाल खटीक निवासी साटोला जलोदा जागीर प्रतापगढ ने कानोड थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि तीन जुलाई को सायं चार बजे घर के बाहर बैठी वृद्धा घीसीबाई का धारदार हथियार से गला काटकर गले में पहना मांदलिया लूटकर ले गया। गला कटने से घीसी बाई की मौत हो गई। पुलिस ने लूट के साथ हत्या का मामला दर्ज कर बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।
जहरीला पदार्थ खाने से युवती की मौत : उदयपुर। जिले के खेरोदा क्षेत्र में युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार अमरलाल पुत्र धन्नालाल मीणा निवासी राणि डुंगला खेरोदा ने दी रिपोर्ट में बताया कि डेरावड में एक जुलाई को उसकी पुत्री द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पेड से नीचे गिरने से वृद्ध की मौत : उदयपुर। जिले के टीडी क्षेत्र में पेड से नीचे गिरने के कारण वृद्ध की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार आदेश पुत्र नाथू मीणा निवासी नला चणावदा ने दी रिपोर्ट में बताया कि दो जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उसके पिता नाथू 65 पुत्र सवजी मीणा पेड से अचानक नीचे गिरने के कारण अकाल मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
