उदयपुर। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा द्वारा पन्नाधाय क्लब एवं रोटरी युवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अविरल सेवन डेज ऑफ सर्विस के अंतर्गत फतेहसागर पाल एवं रानी रोड (साइक्लोट्रॉन क्षेत्र) में साइकिल रैली, वॉकाथॉन एवं क्लीन सिटी ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेंट ज़ेवियर्स एवं द यूनिवर्सल स्कूल के लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक उपयोग में कमी लाना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि “नो प्लास्टिक, यस टू सस्टेनेबल लाइफस्टाइल”।
क्लब अध्यक्ष डॉ. रेखा सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि विश्वभर में हर वर्ष 460 मिलियन मीट्रिक टन से अधिक प्लास्टिक का उत्पादन होता है, जिसमें से 10þ से भी कम रीसायकल हो पाता है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो 2060 तक यह समस्या तीन गुना बढ़ सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉलीथिन बैग, प्लास्टिक बोतल और प्लास्टिक टिफिन के स्थान पर स्टील एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि प्लास्टिक समुद्री जीवों के लिए घातक है और माइक्रोप्लास्टिक के रूप में हमारे पानी, भोजन एवं हवा में भी प्रवेश कर चुका है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।
इस अवसर पर रोटरी पन्नाधाय एवं रोटरी युवा क्लब के सदस्यों सहित रोटेरियन तारिका, भानु प्रताप, रतन, प्रताप, मोनिका, अनमोल एवं शेफाली आदि की सक्रिय सहभागिता रही। रैली के माध्यम से फतेहसागर क्षेत्र में आमजन को भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के लिए एक महिला सफाई कर्मी को नियुक्त किया गया है, जो प्रतिदिन कचरा संग्रहण कर क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करेंगी। इस पहल ने फिटनेस, पर्यावरण जागरूकता और युवा सहभागिता का सशक्त संदेश देते हुए स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में एक प्रभावी कदम प्रस्तुत किया।
साइकिल रैली व प्लास्टिक बचाओ अभियान अविरल का तीसरा दिन
