उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित ‘द ग्रैंड झरोखा फोरम मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन)-2026’ का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर श्री पारस सिंघवी एवं विद्यालय के प्रो. वाईस चेयरमैन गोविन्द अग्रवाल, प्रबंधन सदस्या श्रीमति अपूर्व अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही। देशभर से आए 500 से अधिक युवा प्रतिनिधियों की सहभागिता ने इस सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं बौद्धिक मंच के रूप में स्थापित किया।
प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने बताया कि तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए समसामयिक वैश्विक चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों एवं सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर गंभीर चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली पर आधारित आठ समितियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने कूटनीतिक संवाद, तार्किक बहस, विचार-विमर्श एवं प्रस्ताव निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री सिंघवी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में वैश्विक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
प्राचार्य संजय नरवरिया एवं प्रधानाध्यापिका संजीवनी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया तथा आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम आयोजन की कोर्ड़ीनेटर रूचि माथुर एवं प्रेरणा असोलिया ने सफलता पूर्वक कार्यक्रम का मार्गदर्शन किया।कार्यक्रम का समापन उपलब्धियों के सम्मान, प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं भविष्य में ऐसे बौद्धिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ हुआ।
द ग्रैंड झरोखा फोरम मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)-2026’ का हुआ सफल समापन
