ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत पानी की बचत और टंकियों की सफाई का कार्यक्रम आयोजित
उदयपुर, 3 नवम्बर। केंद्रीय कारागृह उदयपुर में 1 से 7 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026 के तहत मंगलवार को तीसरे दिन जल संरक्षण एवं पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कारागृह के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लगभग 1100 बंदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कारापाल भगवान सहाय एवं जलापूर्ति से संबंधित कार्य करने वाले प्रहरी रामेश्वर प्रसाद ने बंदियों और कर्मचारियों को पानी बचाने के विभिन्न तरीके बताए। उन्होंने दैनिक दिनचर्या में पानी का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने, नहाते समय सीधे नल या शॉवर के बजाय बाल्टी-मग का उपयोग करने तथा दांत साफ करते समय नल बंद रखने की सलाह दी।
इसके साथ ही रसोई में बर्तनों एवं सब्जियों की सफाई के लिए नल के नीचे लगातार पानी बहाने के बजाय टब या बर्तन में पानी भरकर उपयोग करने, पानी की टंकी भरने के बाद तुरंत नल बंद करने तथा पाइपलाइन और नलों में लीकेज होने पर तत्काल मरम्मत करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को पानी की टंकियों की सफाई के महत्व के बारे में भी बताया गया। टंकियों की सफाई करवाई गई तथा भविष्य में भी निश्चित समयांतराल पर नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी को पानी की बचत कर जल प्रहरी एवं जल मित्र के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर श्री भारमल, उप कारापाल रणवीर सिंह, मुख्य प्रहरी, प्रहरी एवं बंदी उपस्थित रहे।
