सफलता केवल संयोग नहीं, सही रणनीति, स्पष्ट दृष्टिकोण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है : हर्षवर्धन जैन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर हर्षवर्धन जैन ने बिजनेस सेमिनार में अनस्टॉपेबल बिजनेस सक्सेस मंत्र से दिए सफलता के टिप्स
– जीतो उदयपुर चेप्टर द्वारा ‘अनस्टॉपेबल बिजनेस सक्सेस मंत्र’ विषय पर व्यवसायिक सेमिनार का आयोजन
– जीतो उदयपुर कनेक्ट बिजनेस डायरेक्टरी का भव्य विमोचन व जीतो प्रिविलेज कार्ड का भी लोकार्पण

उदयपुर, 29 जून। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) उदयपुर चैप्टर द्वारा फतेहसागर स्थित होटल विंधम ग्रैंड में ‘अनस्टॉपेबल बिजनेस सक्सेस मंत्र’ विषय पर प्रेरणादायी व्यवसायिक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर एवं बिजनेस कोच हर्षवर्धन जैन ने उद्योगपतियों, व्यवसायियों और युवा उद्यमियों को सफलता के व्यावहारिक मंत्र बताए।
जीतो उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष यशवंत आँचलिया ने बताया कि अपने ऊर्जावान एवं प्रेरक संबोधन में हर्षवर्धन जैन ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल कड़ी मेहनत ही सफलता के लिए पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही सोच, स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, प्रभावी नेतृत्व, मजबूत टीम निर्माण, समय प्रबंधन, नेटवर्किंग और सकारात्मक दृष्टिकोण ही व्यक्ति को व्यवसाय एवं जीवन में असाधारण सफलता दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता किसी संयोग का परिणाम नहीं होती, बल्कि सही रणनीति, स्पष्ट दृष्टिकोण और निरंतर प्रयासों से प्राप्त होती है।
उन्होंने उपस्थित उद्यमियों को डर से विश्वास की ओर बढऩे, अपने सुविधा क्षेत्र से बाहर निकलकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने, सही समय पर निर्णय लेने और चुनौतियों को अवसर में बदलने जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सचिव सीए अभिषेक संचेती ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जीतो एपेक्स सचिव महावीर चपलोत, जोन सचिव सोनाली मारू, एडवाइजर नरेन्द्र सिंघवी, राज सुराणा एवं अजय जैन उपस्थित रहे। संवादात्मक सत्र के दौरान सदस्यों ने व्यवसाय और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका हर्षवर्धन जैन ने व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया। सेमिनार का शुभारंभ नेटवर्किंग एवं स्वागत सत्र से हुआ, जिसमें जीतो उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष यशवंत आँचलिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। अंत में सभी का आभार जीतो सचिव सुधीर चित्तौड़ा द्वारा ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर जीतो उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष यशवंत आँचलिया, मुख्य सचिव सीए अभिषेक संचेती, कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक हिंगर, कार्यक्रम संयोजक सुधीर चित्तौड़ा एवं यशवंत कोठारी, लेडीज विंग अध्यक्षा अंजलि सुराणा, यूथ विंग सचिव विनय कोठारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
जीतो उदयपुर ने भविष्य में भी नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण और व्यवसायिक उन्नति से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का संकल्प व्यक्त किया।
– जीतो उदयपुर कनेक्ट बिजनेस डायरेक्टरी का भव्य विमोचन
मुख्य सचिव अभिषेक संचेती ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथियों द्वारा जीतो उदयपुर कनेक्ट बिजनेस डायरेक्टरी का भव्य विमोचन किया गया। यह डायरेक्टरी जीतो उदयपुर के सदस्यों के व्यवसायों को एक साझा मंच प्रदान करने, आपसी व्यापार, रेफरल्स तथा नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सदस्य एक-दूसरे के व्यवसायों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे और व्यापारिक नेटवर्क को और अधिक मजबूत बना सकेंगे। इसी अवसर पर जीतो प्रिविलेज कार्ड का भी लोकार्पण किया गया। यह कार्ड जीतो सदस्यों को विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं सेवाओं पर विशेष सुविधाएँ और आकर्षक ऑफर्स उपलब्ध कराएगा। इससे सदस्यों के बीच व्यावसायिक सहयोग को नई गति मिलेगी तथा संगठन के भीतर मजबूत व्यापारिक इकोसिस्टम विकसित करने में सहायता मिलेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!