उदयपुर। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में श्रमण संघ के उपाध्याय रमेश मुनि , प्रवर्तक राजेंद्र मुनि, सुरेंद्र मुनि व दीपेश मुनि का चातुर्मास प्रवेश 26 जुलाई रविवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। चातुर्मास प्रवेश यात्रा पूर्व महापौर रजनी डांगी के निवास से प्रारंभ होकर देवेंद्र धाम पहुंचेगी, जहां विधिवत मंगल प्रवेश एवं धर्मसभा का आयोजन होगा।
चातुर्मास महोत्सव की तैयारियों को लेकर संघ अध्यक्ष एडवोकेट रोशनलाल जैन की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चातुर्मास को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके दायित्व सौंपे गए। सभी समिति संयोजकों से समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में वित्त समिति, स्वागत समिति, व्यवस्था समिति, प्रवेश यात्रा समिति, आवास एवं अतिथि सत्कार समिति, भोजन समिति, प्रचार-प्रसार समिति, महिला समिति, युवा समिति, सांस्कृतिक समिति तथा अन्य समितियों का गठन कर उनके कार्यों की रूपरेखा तय की गई।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धार्मिक आराधना, स्वाध्याय, तप एवं विविध आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धर्मप्रेमी समाजजनों से चातुर्मास प्रवेश यात्रा एवं सभी धार्मिक आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया। बैठक में संघ के पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे तथा सभी ने चातुर्मास को सफल बनाने का संकल्प लिया।
देवेन्द्र धाम में चातुर्मास प्रवेश 26 को,तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ
