उदयपुर, 2 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में रोटरी क्लब एलीट ने फतेहसागर की पाल पर निःशुल्क पौधा वितरण अभियान के दूसरे चरण का आयोजन किया। इस अवसर पर आमजन को विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे वितरित किए गए। पौधे प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सभी ने पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।
वितरित किए गए पौधों में मीठा नीम, तुलसी, गेंदा, विभिन्न फूलों के पौधे तथा सजावटी एवं छायादार पौधे शामिल थे। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन क्लब सचिव अनिता जैन एवं पूर्व अध्यक्ष अक्षय जैन के नेतृत्व में हुआ। क्लब अध्यक्ष रमेश मोदी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में डॉ. प्रियंका चोरड़िया, डॉ. ईशा शर्मा, पूनम मोदी, रमेश मेहता, सुनील वस्तावत एवं आर.के. सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में भी 500 पौधों का वितरण किया गया था। अब सितंबर के प्रथम सप्ताह में तीसरे चरण के तहत पुनः 500 पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इस तीन चरणीय पौधा वितरण अभियान का संपूर्ण व्यय क्लब के पूर्व अध्यक्ष रमेश मेहता द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है।
रमेश मोदी ने बताया कि क्लब अगस्त के अंतिम सप्ताह में विभिन्न राजकीय विद्यालयों में 5 से 6 फीट ऊँचे लगभग 100 छायादार वृक्ष लगाकर विशेष वृक्षारोपण अभियान भी चलाएगा। उन्होंने कहा कि रोटरी एलीट का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है।
हरियाली की अलख जगा रहा रोटरी एलीट, दूसरे चरण में 500 पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
