उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर वसुधा ने रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सेवा, सम्मान और मानवता के संकल्प के साथ किया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब रहा, जब क्लब अध्यक्ष रो. दीप्ति लोढ़ा ने एमबी जनरल हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन के सानिध्य में देहदान का संकल्प लेकर समाज को मानव सेवा का सशक्त संदेश दिया।
क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट शकुन्तला पोरवाल ने बताया कि अध्यक्ष दीप्ति लोढ़ा का यह निर्णय समाज में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। इस अवसर पर उनका उपर्णा ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पित 151 चिकित्सकों का उपर्णा ओढ़ाकर एवं मुंह मीठा करवाकर सम्मान किया गया। साथ ही 11 नर्सिंग स्टाफ को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मानव सेवा की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए क्लब सदस्य पंकज शर्मा एवं श्रीमती मुनमुन ने डॉ. अशोक बैरवा के सानिध्य में नेत्रदान का संकल्प लिया। इस पहल ने अंगदान और नेत्रदान के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता का संदेश दिया।
क्लब सचिव एकता सोलंकी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कार्यक्रम में संगीता तातेड़, किरण तलेसरा, अन्नपूर्णा गौड़, पूर्व अध्यक्ष शरद राठौड़, प्रमिला सुराणा, पंकज शर्मा सहित अनेक सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति रही।
रोटरी वर्ष 2026-27 का यह शुभारंभ सर्विस अबॉव सेल्फ की भावना को साकार करते हुए सेवा, सम्मान और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण बना। विशेष रूप से देहदान और नेत्रदान के संकल्प ने कार्यक्रम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की।
देहदान के संकल्प से दिया मानवता का संदेश, रोटरी क्लब उदयपुर वसुधा ने सेवा और सम्मान के साथ किया नए सत्र का शुभारंभ
