पौधारोपण के साथ गूंजे देशभक्ति के गीत, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

स्वतंत्रता दिवस पर लायंस क्लब अशोका का सेवा संकल्प

उदयपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लायंस क्लब अशोका की ओर से बड़गांव के समीप पालरी गांव में पौधारोपण एवं देशभक्ति गीतों के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों ने समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया।

क्लब के संस्थापक अध्यक्ष लायन मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 25 छायादार एवं फलदार पौधों का ट्री गार्ड सहित पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और हरा-भरा भविष्य तैयार करने की जिम्मेदारी भी है। क्लब द्वारा सामाजिक सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

पौधारोपण के पश्चात क्लब के वर्तमान अध्यक्ष लायन धर्मवीर देवल, लायन शकुंतला जैन एवं लायन अरुण चौबीसा ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया और उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया।

क्लब के सदस्यों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने का संकल्प ही स्वतंत्रता दिवस की सच्ची भावना है।

कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के साथ लायन श्रीचंद खथूरिया, लायन कलावती काबरा एवं लायन त्रिभुवन सिंह राव सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं लियो क्लब उदयपुर युवा अशोका की ओर से लियो सजल जैन ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से लायंस क्लब उदयपुर अशोका ने “सेवा के साथ राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण” का संदेश देते हुए सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!