अन्तिम दिन जिला परिषद सदस्य हेतु  111 अभ्यर्थियों ने भरे 113 नामांकन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायतीराज आम चुनाव 2026
पंचायत समीति सदस्यों हेतु भी 272 अभ्यर्थियों ने किए 286 नामांकन
संवीक्षा बुधवार को, नाम वापसी गुरुवार 3 बजे तक

उदयपुर, 13 अक्टूबर। जिले में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य हेतु नामांकन के अन्तिम दिन मंगलवार को अभ्यर्थियों ने उत्साह के साथ अपने पर्चे दाखिल किए। मंगलवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य दोनों ही पदों के लिए नामांकन केंद्रों पर प्रत्याशियों और समर्थकों की रेलमपेल बनी रही। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए मंगलवार को कुल 111 अभ्यर्थियों ने 113 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक कुल 158 अभ्यर्थियों द्वारा 161 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं।

पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन
जिले में प्रथम चरण में आयोजित होने वाले चुनावों में 10 पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए मंगलवार को कुल 272 अभ्यर्थियों ने 286 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें पंचायत समिति झाड़ोल में 32, भींडर में 31 अभ्यर्थियों ने कुल 32, घासा में 19 अभ्यर्थियों ने कुल 23, गिर्वा में 32, कुराबड़ में 22 अभ्यर्थियों ने कुल 25, मावली में 22 अभ्यर्थियों ने कुल 23, नाई में 24, ओगणा में 30, फलासिया में 47 अभ्यर्थियों ने कुल 48 तथा वल्लभनगर में 13 अभ्यर्थियों ने कुल 17 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अब तक कुल 562 अभ्यर्थियों द्वारा 579 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल अनुसार प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा बुधवार 14 अक्टूबर को की जाएगी तथा 15 अक्टूबर गुरुवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी संभव होगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!