उदयपुर। जिले के वल्लभनगर क्षेत्र में भटेवर मार्ग पर एक डंपर में बिजली का तार फंसने से पोल टूटकर गिरने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 65वर्षीय भगा पुत्र हीरालाल रावत साइकिल पर गेहूं पिसवा कर लौट रहा था। रास्ते में रणछोडपुरा के पास डंपर में विद्युत तार फंस गया, जो खींचने के कारण पोल टूटकर वहां से से गुजर रहे साइकिल सवार भगा के उपर गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने पर उसे चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सुखेर में ट्रक ने स्कूटी चालक को चपेट में लिया, मौत
उदयपुर। शहर के भुवाणा—अंबेरी मार्ग पर सुखेर क्षेत्र में शनिवार को दोपहर में एक तेज रफ्तार में ट्रक ने आगे चल रहे स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया और करीब बीस मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए स्कूटी सवार की कुछ देर बाद मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भुवाणा—सुखेर मार्ग पर आगरा निवासी 34 वर्षीय मुकेश पाठक होलीमोंट होटल में ट्रेनिंग मेैनेजर था और वह होटल से स्कूटी पर अपने घर शोभागपुरा की तरफ लौट रहा था। अंबेरी के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। ट्रक करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। स्कूटी सहित मुकेश ट्रक के नीचे फंस गए। हादसे में मुकेश के दोनों पैर कुचला गए और लहुलुहान हो गया। इस बीच ट्रक रोकते ही चालक चाबी निकाल कर भाग गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। लोगों ने ट्रक को पीछे धकेल कर नीचे फंसे स्कूटी व सवार को बाहर निकाला। हाईवे पर लोगों की भीड लग जाने से यातायात बाधित हो गया और जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस की मदद से चिकित्सालय पहुंचाया जहां उपचार शुरू होने के बाद उसने दम तोड दिया। मुकेश यहां शोभागपुरा में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
