आईएएस, आईपीएस उत्तीर्ण करने पर उदयपुर के सिंधी युवाओं को 2 लाख नकद प्रोत्साहन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। एसएसडी उदय अकादमी नागपुर की राजस्थान शाखा की नव मनोनीत कार्यकारिणी की प्रथम बैठक शक्ति नगर स्थित श्री झूलेलाल भवन में आयोजित की गई। राजस्थान शाखा के अध्यक्ष रमेश दतवानी ने  बताया कि 7 जून को कक्षा 12वीं उत्तीर्ण सिंधी समाज के विद्यार्थियों के लिए यूपीएससी परीक्षा की तैयारी को लेकर एक मोटिवेशनल सेमिनार श्री झूलेलाल भवन शक्ति नगर में आयोजित किया जाएगा। मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने घोषणा की कि सत्र 2027 में आईएएस एवं आईपीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उदयपुर निवासी सिंधी युवाओं को 2 लाख रुपए तथा आरएएस उत्तीर्ण करने पर 1 लाख रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र ज्ञानी ने सुझाव दिया कि सेमिनार के पश्चात चयनित विद्यार्थियों से प्रत्येक 15 दिन में अकादमी द्वारा संपर्क कर उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों के स्तर के अनुसार अलग-अलग चरणों में सेमिनार आयोजित कर उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। सचिव डॉ. दीपमाला चौधरी ने राजस्थान के सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों में नगर स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव रखा। उन्होंने समाज की नारी शक्ति को मातृभाषा अपनाने एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मुख्य संरक्षक हरीश राजानी ने संभाग स्तर पर नियुक्त उपाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों से समर्पित एवं सक्रिय समाजसेवियों को टीम में शामिल करने के निर्देश दिए। बैठक में उदयपुर जिले के लिए वर्तमान कोषाध्यक्ष शांता किशनानी को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। शीघ्र ही कोषाध्यक्ष पद पर नए सदस्य की नियुक्ति की जाएगी तथा उदयपुर नगर की टीम में अन्य समर्पित सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा। साथ ही, अन्य नगरों में भी उपाध्यक्षों के प्रस्ताव अनुसार अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।
मुख्य सलाहकार, कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. मनोहरलाल कालरा ने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वे आगामी सेमिनार में अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को अपने परिजनों के साथ भेजकर इस पहल का लाभ दिलाएं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!