उदयपुर, 22 जुलाई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने ’स्थाई लोक अदालत, उदयपुर’ में अधिवक्ता प्रमोद कुमार दाणी एवं डॉ. सुरभि मेनारिया (धींग) को सदस्य नियुक्त किया है। स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष महेंद्र सिंह सिसोदिया के समक्ष आज दोनों सदस्यों ने अपना पदभार ग्रहण कर सुनवाई शुरू की।
स्थाई लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य बिजली, पानी, सड़क परिवहन, डाक एवं दूर संचार सेवाएं, बीमा, चिकित्सा, आवास एवं रियल एस्टेट सेवाएं, एलपीजी गैस आपूर्ति और शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थाएं एवं अन्य जनउपयोगी सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का आपसी सहमति व त्वरित माध्यम से निस्तारण करना है, जिससे आम जनता को लंबे अदालती चक्करों से राहत मिल सके।
जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक 30 को
उदयपुर, 22 जुलाई। जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक 30 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट मिनी सभागार में होगी। प्रभारी अधिकारी सतर्कता एवं एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने बताया कि बैठक में सभी पंजीकृत प्रकरणों पर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में अपेक्षित सूचनाओं के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
