सेवा, संस्कार और नवाचार के संकल्प के साथ रोटरी एलीट की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर एलीट की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में एक निजी होटल के सभागार में आयोजित हुआ। पूर्व प्रांतपाल एवं इंस्टालेशन अधिकारी निर्मल कुणावत ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सेवा, नवाचार और समाज के प्रति समर्पण के नए संकल्प के साथ क्लब ने आगामी वर्ष की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में निर्मल कुणावत ने रोटरी एलीट की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब ने पिछले वर्षों में 250 दिव्यांगों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराना, सात महिला चालकों को पिंक ऑटो भेंट करना, 25 राजकीय विद्यालयों में शौचालय एवं शेड का निर्माण जैसे अनेक जनहितकारी कार्य कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी भी नवाचार आधारित सेवा परियोजनाओं के माध्यम से समाज को नई दिशा देगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश मोदी ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब ने कार्यकाल के पहले ही माह में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रानवाड़ी की दो कक्षाओं की दीवारों पर बड़े आकार के आकर्षक शैक्षणिक चार्ट तैयार करवाए हैं। इस पहल को मिली व्यापक सराहना के बाद क्लब ने इसे वर्ष का प्रमुख प्रोजेक्ट घोषित किया है। इसके अंतर्गत उदयपुर जिले के 20 सरकारी विद्यालयों में लगभग आठ लाख रुपये की लागत से शैक्षणिक चार्ट तैयार कर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्लब वर्षभर पौधारोपण एवं पौधा वितरण, विद्यालयों में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर प्रेरक व्याख्यान, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक सेवा कार्य भी करेगा। उन्होंने कहा कि क्लब सदस्यों के सहयोग से रोटरी एलीट सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) डॉ. लोकेश भारती ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी जागरूक और मुखर है, लेकिन उसे भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्लब से शिक्षा और संस्कार आधारित परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
समारोह की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष प्रतीक हिंगड़ के स्वागत उद्बोधन से हुई। पूनम मोदी ने प्रार्थना प्रस्तुत की तथा शैलू जैन ने रोटरी फोर-वे टेस्ट का वाचन किया। बाल कलाकार आव्या वैश ने हनुमान चालीसा पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी दानदाता आनंद दमानी एवं रमेश मेहता का सम्मान किया गया। क्लब के पूर्व अध्यक्ष कमलेश तलेसरा को रोटरी इंटरनेशनल द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित “एवेन्यूज ऑफ सर्विस अवार्ड” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संदीप एवं श्वेता गलूंडिया ने किया, जबकि क्लब सचिव अनिता जैन ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन्स की उपस्थिति ने सेवा, मित्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!